Community Impact Award 2026 – Presented by the Premier of NSW Chris Minns MP
तुरंत कार्रवाई करें। सुरक्षित रहें। अपने आपको ऑनलाइन सुरक्षित रखने के लिए
साइबर सुरक्षा संबंधी संसाधन अब 32 भाषाओं में उपलब्ध हैं
ऑस्ट्रेलियाई सरकार तुरंत कार्रवाई करें। सुरक्षित रहें। (Act Now. Stay Secure.) के साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान के नवीनतम चरण की शुरुआत के साथ, सभी ऑस्ट्रेलियाई लोगों से अपने आपको ऑनलाइन सुरक्षित रखने के लिए तीन सरल क़दम उठाने का आग्रह कर रही है।
तुरंत कार्रवाई करें। सुरक्षित रहें। अभियान का उद्देश्य ऑस्ट्रेलियाई लोगों को डिजिटल प्रौद्योगिकियों और उनके द्वारा प्रदान किए जाने वाले अवसरों को सुरक्षित रूप से अपनाने के लिए आवश्यक जानकारी और आत्मविश्वास प्रदान करना है।
ऑस्ट्रेलिया के बहुसांस्कृतिक समुदायों को सहयोग प्रदान करने के लिए अभियान के संसाधन और जानकारी अँग्रेज़ी के अतिरिक्त 32 अन्य भाषाओं में ऐसे प्रारूपों में उपलब्ध हैं, जिन्हें आसानी से मित्रों और परिवार के साथ साझा किया जा सकता है।
अभियान में तीन सरल तरीकों पर प्रकाश डाला गया है जिन्हें हर व्यक्ति ऑनलाइन अपनी सुरक्षा के लिए अपना सकता है:
- जब भी उपलब्ध हो, हमेशा बहु-कारक प्रमाणीकरण (मल्टी-फ़ैक्टर ऑथेंटिकेशन) सेट करें।
- प्रत्येक खाते के लिए एक अद्वितीय और मज़बूत पासफ़्रेज़ का उपयोग करें।
- सॉफ़्टवेअर की सभी अपडेटों को उपलब्ध होते ही इंस्टॉल करें ताकि आपके उपकरण सुरक्षित रहें।
राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा समन्वयक, लेफ़्टिनेंट जनरल मिशेल मैगिनस सी एस सी ने कहा कि यह संदेश समयानुकूल और अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि साइबर अपराध के कारण आस्ट्रेलियाई लोगों का बहुत अधिक नुक़सान हो रहा है और वे साइबर हमलों के प्रति लगातार असुरक्षित बने हुए हैं।
यह बात बहुसांस्कृतिक आस्ट्रेलियाई लोगों के लिए विशेष रूप से सत्य है, क्योंकि गृह मामलों के विभाग (Department of Home Affairs ) द्वारा किए गए शोध से पता चला है कि घर पर अँग्रेज़ी के अलावा अन्य भाषा बोलने वाले 65 प्रतिशत लोगों के डेटा में सेंधमारी हुई है या उनका डेटा किसी ने इस्तेमाल कर लिया है जबकि घर पर अँग्रेज़ी बोलने वाले केवल 52 प्रतिशत लोगों के डेटा से छेड़छाड़ की गई है।
तुरंत कार्रवाई करें। सुरक्षित रहें। अभियान डिजिटल वीडियो, टेलीविज़न, सिनेमा, सोशल मीडिया, डिजिटल ऑडियो और प्रिंट मीडिया में राष्ट्रीय स्तर पर चलाया जाएगा।
अभियान के बारे में अधिक जानकारी और अनेक प्रकार के साइबर सुरक्षा संसाधनों को प्राप्त करने के लिए, Act Now. Stay Secure. की वेबसाइट पर जाएँ।
साइबर सुरक्षा मंत्री, टोनी बर्क सांसद के कथन
जैसे-जैसे तकनीक आगे बढ़ रही है, ऑस्ट्रेलियाई लोग ऑनलाइन अधिक समय बिता रहे हैं। इससे बहुत अधिक परस्पर जुड़ाव और अनेकों अवसर मिलते हैं – लेकिन इससे समुदाय को गंभीर नुक़सान भी हो सकता है।
“हमारी सरकार प्रतिदिन हमारी साइबर सुरक्षा को मज़बूत करने के लिए काम कर रही है, लेकिन प्रत्येक ऑस्ट्रेलियाई अपने आप को और अपने परिवारों को ऑनलाइन सुरक्षित रखने के लिए कुछ सरल और प्रभावी क़दम उठा सकता है।
“अधिकांश साइबर घटनाओं को रोका जा सकता है, और बुनियादी सुरक्षात्मक उपायों से बहुत फ़र्क पड़ता है। साथ मिलकर काम कर के, हम अपने समुदाय को ऑनलाइन सुरक्षित रख सकते हैं।”
“चूँकि प्रत्येक चार में से एक ऑस्ट्रेलियाई सांस्कृतिक रूप से भिन्न पृष्ठभूमि से आता है, इसलिए यह आवश्यक है कि साइबर सुरक्षा समावेशी और सुलभ हो। यह अभियान यह सुनिश्चित करने में मदद करता है कि प्रत्येक व्यक्ति, चाहे उसकी पृष्ठभूमि कुछ भी हो, ऑनलाइन अपनी सुरक्षा के लिए सरल और प्रभावी क़दम उठा सके।”

राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा समन्वयक, लेफ्टिनेंट जनरल मिशेल मैगिनस सी एस सी के कथन
“ऑस्ट्रेलिया साइबर अपराधियों के लिए एक आकर्षक लक्ष्य है और मैं अपने नागरिकों और व्यवसायों को उनकी साइबर सुरक्षा की क्षमता बढ़ाने के लिए सशक्त बनाना चाहती हूँ। इससे हमें अपने देश को ऑनलाइन जुड़ने के लिए सबसे सुरक्षित स्थान बनाने में मदद मिलेगी।”
“साइबर सुरक्षा प्रत्येक ऑस्ट्रेलियाई के जीवन को प्रभावित करती है, और हम सभी की ज़िम्मेदारी है कि हम स्वयं को और अपने प्रियजनों को ऑनलाइन सुरक्षित रखें।
“हम मानते हैं कि भाषाई और सांस्कृतिक बाधाएँ अकसर ऑनलाइन सुरक्षित रहने से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी तक पहुँच को और कठिन बना देती हैं। इसीलिए हमने यह सुनिश्चित किया है कि संसाधन 32 भाषाओं में उपलब्ध हों, ताकि ज़्यादा से ज़्यादा लोग इस महत्वपूर्ण जानकारी तक पहुँच सकें।”
” स्वयं को ऑनलाइन सुरक्षित रखना कठिन नहीं है। साइबर सुरक्षा के सरल तरीकों का नियमित रूप से पालन करके, हम साइबर सुरक्षा को एक दिन-प्रति-दिन की आदत बना सकते हैं, न कि कुछ नुक़सान हो जाने के बाद की बात।
